बक्सर। जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। अज्ञात अपराधी ने घर का दरवाजा खुलवाकर 15 वर्षीय किशोरी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मृतका की पहचान अरियांव गांव निवासी बबलू उपाध्याय की 15 वर्षीय पुत्री श्वेता कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोपहर में घर के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान किसी ने घर का दरवाजा खटखटाया। आवाज सुनकर श्वेता दरवाजा खोलने पहुंची। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, पहले से घात लगाए अपराधी ने उस पर गोली चला दी।

गोली लगते ही श्वेता जान बचाने के लिए घर के अंदर भागी, लेकिन गोली उसकी पीठ में लग चुकी थी। वह कुछ ही कदम चल सकी और घर के अंदर ही गिर पड़ी। परिजन गोली की आवाज सुनकर बाहर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुका था। गंभीर रूप से घायल किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार, कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए।
एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की पहचान में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद अरियांव गांव में भय और तनाव का माहौल है। लोग इस निर्मम हत्या को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। पुलिस फिलहाल हर संभावित कारण को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

