औद्योगिक थाना हाजत से चोर फरार, थाना की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

बक्सर। जिले के औद्योगिक थाना से एक संदिग्ध वाहन चोर के फरार हो जाने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

थाना हाजत से आरोपी के चकमा देकर भाग निकलने की इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम औद्योगिक थाना पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दिव्यांशु कुमार को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया। पुलिस को आशंका थी कि वह बाइक चोरी करने वाले गिरोह से जुड़ा हो सकता है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे थाना हाजत में बंद कर दिया गया।

बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह आरोपी ने शौच जाने की बात कही। इसी दौरान वह ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के भागते ही थाना परिसर में अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मी उसे पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन वह उनकी नजरों से ओझल हो गया।

घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दी गई। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि फरार युवक की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हालांकि, थाना हाजत से आरोपी के फरार होने की घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की सतर्कता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। स्थानीय स्तर पर भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *