गंगाधाम कम्हरिया में श्रद्धा–भक्ति के संग संपन्न हुआ श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, पूर्णाहुति पर उमड़ा जनसैलाब।

बक्सर। सदर प्रखंड के गंगाधाम, कम्हरिया में आयोजित श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और आस्था के भव्य संगम के साथ संपन्न हो गया।

समापन अवसर पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब गंगाधाम की ओर उमड़ पड़ा। देखते ही देखते यज्ञ स्थल साधु-संतों और भक्तों की भारी भीड़ से भर गया और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

महायज्ञ के अंतिम दिन गंगा तट पर निर्मित यज्ञशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत हवन कर पूर्णाहुति दी गई। मंत्रध्वनि से संपूर्ण क्षेत्र गूंज उठा।

साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-शांति की कामना की। बीते पांच दिनों से चल रहे हनुमान चालीसा पाठ और हरि कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिरस से सराबोर नजर आया।

समापन अवसर पर परम पूज्य मनीषी संत श्री 1008 गंगापुत्र त्रिदंडी स्वामी जी महाराज ने कहा कि यज्ञ से वातावरण शुद्ध होता है और इसमें भाग लेने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

उन्होंने धर्म, सदाचार और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए समाज में सकारात्मक ऊर्जा के संचार पर बल दिया। स्वामी जी के प्रवचन से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और अनेक भक्तों ने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। दोपहर बारह बजे के बाद विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ, जिसमें सैकड़ों साधु-संतों और हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक भंडारा निर्बाध रूप से चलता रहा।

श्रद्धालुओं ने आयोजन समिति की उत्तम व्यवस्था और सेवा-भाव की मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम के अंत में गंगापुत्र त्रिदंडी स्वामी जी महाराज ने साधु-संतों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।

महायज्ञ के सफल समापन पर श्रद्धालुओं के चेहरों पर संतोष, शांति और गहरी आस्था की झलक स्पष्ट दिखाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *