बक्सर। शहर के बाजार समिति रोड स्थित बक्सर पब्लिक स्कूल में मंगलवार को कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं के लिए भव्य एवं भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का माहौल भावनाओं से सराबोर रहा। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक निर्मल कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आप विद्यालय से विदा हो रहे हैं, रिश्तों से नहीं। यह स्कूल हमेशा आपका रहेगा। जब भी जरूरत हो, विद्यालय परिवार आपके साथ खड़ा मिलेगा।”
उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा दी।विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रीति सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का भी विशेष महत्व है।
उन्होंने सत्य, अनुशासन और मानवीय मूल्यों को अपनाने का संदेश देते हुए विद्यार्थियों के सफल, सुखमय और जनकल्याणकारी जीवन की कामना की।
समारोह के दौरान कक्षा नौवीं के छात्र-छात्राओं ने अपने सीनियर्स को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्मृतियों को साझा करने के दौरान कई विद्यार्थी अपने स्कूल के सुनहरे पलों को याद कर भावुक हो उठे।
विदाई के क्षणों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की आंखें नम हो गईं। बच्चों के चेहरे पर भविष्य के सपनों की चमक के साथ विदाई की कसक भी स्पष्ट झलक रही थी।
कार्यक्रम में बतौर अतिथि डॉ. महेंद्र प्रसाद, डॉ. तनवीर फरीदी, सत्यदेव प्रसाद, डॉ. शशांक शेखर, श्रवण तिवारी, अजय मानसिंहका सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को आशीर्वाद प्रदान किया। यह विदाई समारोह इस बात का प्रमाण बन गया कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि भावनाओं और रिश्तों का भी संगम होता है।

