बक्सर। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बुधवार को एक अहम राजनीतिक गतिविधि देखने को मिली। जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे के नेतृत्व में विनोद कुमार मौर्य सहित लगभग 50 लोगों ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके को जिले की राजनीति में संभावित बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। सदस्यता ग्रहण करने वालों में ऐसे लोग भी शामिल रहे, जिन्होंने भाजपा और जदयू की नीतियों से असंतोष जताते हुए कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ने की बात कही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि देश और बिहार इस समय अनेक चुनौतियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याएं, महिलाओं की सुरक्षा और संवैधानिक संस्थाओं की स्थिति जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए भाजपा–जदयू सरकार की नीतियों की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि जनता अब विकल्प की तलाश में है और कांग्रेस उस विकल्प के रूप में उभर रही है। डॉ. पांडे ने दावा किया कि कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है।
नए सदस्यों का स्वागत करते हुए डॉ. पांडे ने कहा कि लोग पद या सत्ता के लालच में नहीं, बल्कि विचारधारा और जनसेवा की भावना से कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उनके शामिल होने से जिला कांग्रेस कमेटी संख्या के साथ-साथ अनुभव और सामाजिक प्रभाव के स्तर पर भी मजबूत होगी।
उन्होंने आश्वस्त किया कि संगठन में हर नए सदस्य को सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी तथा मेहनत और निष्ठा को प्राथमिकता मिलेगी।डॉ. पांडे ने बताया कि सदस्यता अभियान को जिले के हर प्रखंड, पंचायत और गांव तक पहुंचाने की योजना है।
आने वाले महीनों में बड़ी संख्या में लोगों को कांग्रेस से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य दलों से आने वाले लोगों को संगठनात्मक प्रक्रिया और जांच-परख के बाद ही पार्टी में शामिल किया जाएगा।कार्यक्रम में भोला ओझा, किसान कांग्रेस अध्यक्ष संजय पांडे, त्रिलोकी नाथ मिश्रा, संजय कुमार दुबे, अजय यादव, त्रियोगी नारायण मिश्रा, राकेश यादव और रविंद्र राय सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में संतोष कुशवाहा, यतेंद्र गुप्ता, राम आशीष सिंह, जनार्दन यादव, चंद्रभूषण प्रसाद, रामबचन कुशवाहा, मोहन राम, धर्मेंद्र शाह और वकील मल्लाह सहित अन्य लोग शामिल रहे।अंत में डॉ. पांडे ने कहा कि यह सदस्यता कार्यक्रम आने वाले समय में बड़े राजनीतिक बदलाव की नींव साबित हो सकता है। जिला कांग्रेस कमेटी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

