नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने 40 वर्ष की उम्र में दूसरी शादी कर ली है। उन्होंने आयरलैंड मूल की सोफी शाइन के साथ 21 फरवरी को एक निजी समारोह में सात फेरे लिए। शादी समारोह में परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल हुए।

धवन और सोफी पिछले एक वर्ष से अधिक समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। हाल के महीनों में दोनों सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा कर अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर चुके थे। शादी से पहले संगीत और हल्दी की रस्मों की तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिनमें दोनों बेहद खुश नजर आए।

टीम इंडिया के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “मेरे यार की शादी है।” उनकी इस पोस्ट के बाद फैंस और क्रिकेट जगत से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
गौरतलब है कि धवन और सोफी को पिछले वर्ष चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान एक साथ मैच देखते हुए भी देखा गया था। मई महीने में दोनों ने अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से स्वीकार किया था। 12 जनवरी को सगाई के बाद अब दोनों विवाह बंधन में बंध गए हैं।
सोफी शाइन आयरलैंड की रहने वाली हैं और उनका प्रोफेशनल बैकग्राउंड काफी मजबूत माना जाता है। उन्होंने Limerick Institute of Technology से ग्रेजुएशन किया है। साथ ही कैसलरॉय कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के बाद मार्केटिंग और मैनेजमेंट में डिग्री हासिल की। वे यूएई के अबू धाबी स्थित Northern Trust Corporation में सेकेंड वाइस प्रेसिडेंट के पद पर भी कार्य कर चुकी हैं।
शिखर धवन की इस नई पारी की शुरुआत पर उनके प्रशंसक उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।

