बक्सर। चरित्रवन स्थित श्मशान घाट पर अंत्येष्टि के लिए आने वाले परिजनों को अब राहत मिलने वाली है।

नगर परिषद प्रशासन ने घाट पर व्याप्त अव्यवस्था और मनमानी वसूली पर रोक लगाने के लिए ठोस पहल करने का निर्णय लिया है।

अब तक परिजनों को श्मशान घाट पर लकड़ी, चंदन की लकड़ी, गोइठा, तिल, कराल सहित अन्य सामग्री की खरीद के दौरान दुकानदारों की मनमानी का सामना करना पड़ता था। वहीं मुखाग्नि एवं अन्य धार्मिक कर्मकांड के समय डोमराजा, फक्कड़ और पंडा द्वारा अतिरिक्त राशि की मांग से शोकाकुल परिवारों को काफी फजीहत झेलनी पड़ती थी।
इन समस्याओं को देखते हुए शनिवार दोपहर नगर परिषद की सभापति कमरून निशा, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य इंद्र प्रताप सिंह, राजू राय, मनोज गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कुमार ऋत्विक, स्वच्छता पदाधिकारी रवि कुमार सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्लाह फरीदी, सहायक कर दारोगा नरसिंह चौबे एवं संतोष केसरी ने श्मशान घाट का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के बाद प्रशासन ने वाराणसी के प्रसिद्ध मोक्ष धाम की तर्ज पर व्यवस्था विकसित करने का निर्णय लिया। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लकड़ी, गोइठा समेत अंत्येष्टि से जुड़ी सभी आवश्यक सामग्रियों एवं कर्मकांड से संबंधित खर्च की एक तय न्यूनतम राशि निर्धारित की जाएगी। यह राशि एक ही काउंटर से पर्ची काटकर ली जाएगी, ताकि अलग-अलग लोगों द्वारा मोलभाव और अतिरिक्त वसूली की गुंजाइश समाप्त हो सके।
नगर परिषद की इस पहल से शोक संतप्त परिजनों को अनावश्यक आर्थिक दबाव और मानसिक परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि जल्द ही नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी, जिससे श्मशान घाट पर पारदर्शी और व्यवस्थित प्रणाली सुनिश्चित की जा सके।

