बक्सर को पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने की मांग, भाजपा नेता विजय कुमार मिश्र ने पर्यटन विभाग को लिखा पत्र।

बक्सर। भारतीय जनता पार्टी, बिहार के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मिश्र ने बक्सर जिले के ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व को देखते हुए इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की मांग की है।

इस संबंध में उन्होंने 18 फरवरी 2026 को पर्यटन विभाग, बिहार के सचिव को पत्र लिखकर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है।

अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि बक्सर जिला पौराणिक एवं ऐतिहासिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। यह भूमि अनेक महापुरुषों की तपोस्थली और कर्मभूमि रही है। मान्यता है कि भगवान वामन का अवतार त्रेता युग के प्रारंभ में बक्सर में हुआ था। प्रभु श्रीराम ने यहीं शिक्षा ग्रहण की थी तथा महर्षि विश्वामित्र की तपोस्थली भी बक्सर में ही स्थित है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि कुंवर सिंह का बचपन एवं माता अहिल्या का उद्धार तथा राक्षसी ताड़का का वध भी इसी क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। बक्सर गंगा तट पर स्थित है और धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां प्रतिवर्ष ऐतिहासिक पंचकोशी परिक्रमा यात्रा का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु शामिल होते हैं।

विजय कुमार मिश्र ने पर्यटन विभाग से आग्रह किया है कि बक्सर के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का समुचित विकास कर इसे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे न केवल जिले की पहचान सुदृढ़ होगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

उन्होंने विभाग से मांग की है कि बक्सर में पर्यटन अवसंरचना, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, घाटों के सौंदर्यीकरण एवं मूलभूत सुविधाओं का विकास प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *