विदाई में छलके जज्बात: 10वीं के छात्रों की आंखें हुईं नम, यादों में डूबा रेडियंट पब्लिक स्कूलखबर।

रेडियंट पब्लिक स्कूल, लाढोपुर दानी कुटिया में मंगलवार को कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं के लिए भावनाओं से भरा विदाई समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का माहौल बेहद भावुक रहा, जहां छात्र-छात्राएं और शिक्षक अपने साथ बिताए पलों को याद कर भाव-विभोर हो उठे।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जय प्रकाश सिंह उर्फ राजेश सिंह ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल एवं मंगलमय भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल विद्यालय से विदा हो रहे हैं, उनकी शैक्षणिक यात्रा अब एक नई दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य को ईमानदारी और मेहनत से प्राप्त करने की प्रेरणा दी। साथ ही कहा कि यह स्कूल हमेशा उनका अपना रहेगा और वे जब चाहें यहां आकर शिक्षकों से मिल सकते हैं। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए विद्यालय प्रबंधन सदैव उनके साथ रहेगा।

विद्यालय की उप-प्रधानाध्यापिका श्यामली सिंह ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में नैतिक मूल्यों और शिक्षा को साथ लेकर चलें, ताकि वे सफल, सुखी और समाज के लिए उपयोगी नागरिक बन सकें।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा नौवीं के छात्र-छात्राओं ने दसवीं के विद्यार्थियों को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विदाई के क्षणों में छात्र-छात्राएं अपने विद्यालय में बिताए गए पलों को याद कर भावुक हो उठे। स्कूल से विदा लेते समय शिक्षकों और विद्यार्थियों की आंखें नम हो गईं और पूरा वातावरण भाव-विभोर हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *