‘जिज्ञासा’ थीम पर ग्लोबल विजडम स्कूल का 8वां वार्षिकोत्सव संपन्न, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां।

बक्सर: नगर भवन में मंगलवार को रेलवे क्रॉसिंग, इटाढ़ी के समीप स्थित Global Wisdom School द्वारा 8वां वार्षिकोत्सव बड़े ही उत्साह और ऊर्जा के साथ मनाया गया। इस वर्ष समारोह का मुख्य विषय “जिज्ञासा” रखा गया, जिसने पूरे कार्यक्रम को ज्ञान और प्रेरणा से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम अविनाश कुमार, डीएसपी गौरव पाण्डेय, रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. श्रवण तिवारी, लाइफ कोच एवं आर्ट ऑफ लिविंग की शिक्षिका श्रीमती वर्षा पाण्डेय, विद्यालय के निदेशक प्रकाश पाण्डेय, उप-निदेशक अमित पाण्डेय एवं प्रधानाचार्या निशा राय द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों को निदेशक प्रकाश पाण्डेय एवं उप-निदेशक अमित पाण्डेय ने शाल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत “जिज्ञासा” से हुई, जिसने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। निदेशक प्रकाश पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि जिज्ञासा ही वह शक्ति है जो बच्चों को ‘क्यों’ और ‘कैसे’ पूछने के लिए प्रेरित करती है और यही उनकी बौद्धिक क्षमता को सुदृढ़ बनाती है। उप-निदेशक अमित पाण्डेय ने भी प्रेरक पंक्तियों के माध्यम से बच्चों में ऊर्जा का संचार किया।

“ज्ञान प्राप्त करने की उत्सुकता और जिज्ञासा से आपकी योग्यता अधिक सुदृढ़ बनती है।”

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नव दुर्गा नाटक, बिहार की सभ्यता पर आधारित प्रस्तुति, बॉर्डर ड्रामा, आनंदी नाटक, भारतीय महिला वर्ल्ड कप विषयक प्रस्तुति, भगवान शिव व गणेश वंदना पर नृत्य, हनुमान चालीसा डांस, कव्वाली, महाभारत नृत्य, आर्मी डांस, हारमोनियम वादन सहित अनेक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों द्वारा प्रस्तुत आधुनिक रोबोट ड्रामा ने दर्शकों को विज्ञान और तकनीक की ओर बढ़ते नए युग का संदेश दिया।

एसडीएम अविनाश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कार और मानवता का विकास भी आवश्यक है, और ग्लोबल विजडम स्कूल इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। वहीं लाइफ कोच श्रीमती वर्षा पाण्डेय ने बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में आगे बढ़ने तथा परीक्षाओं को बोझ नहीं बल्कि आत्ममूल्यांकन का अवसर समझने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक हरिश्चंद्र पाठक, टाउन थाना इंस्पेक्टर मनोज सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन भोजन एवं मिष्ठान वितरण के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *