बक्सर। नगर के व्यस्ततम गोलंबर चौराहे पर लगातार लग रहे भीषण जाम से त्रस्त नागरिकों ने मंगलवार को सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। गोलंबर दक्षिणी हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष अरविंद सिंह के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने फ्लाईओवर निर्माण की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।

धरना कार्यक्रम गोलंबर स्थित पार्क में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में व्यवसायी, छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि फोरलेन सड़क शुरू होने के बाद से गोलंबर पर यातायात दबाव कई गुना बढ़ गया है, जिससे सुबह से शाम तक लंबा जाम आम बात हो गई है।
जनजीवन पर पड़ रहा गहरा असर
धरना में शामिल लोगों ने बताया कि—
.स्कूली और कॉलेज के छात्र-छात्राएं रोज देर से पहुंच रहे हैं
.एम्बुलेंस सहित आपात सेवाएं जाम में फंस जाती हैं।
.व्यापार और रोजमर्रा के कामकाज पर बुरा असर पड़ रहा है।
.त्योहारों और सामाजिक आयोजनों के दौरान स्थिति और भयावह हो जाती है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की कि गोलंबर पर फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाए, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
धरना में ईश्वर दयाल, संजय सिंह, राजेंद्र पांडे, अखिलेश सिंह, विकास मिश्रा, धनजी सिंह, शैलेश ठाकुर, पूर्व सैनिक राजाराम सिंह, विनोद सिंह समेत कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
एसडीएम को सौंपा गया ज्ञापन
मौके पर पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उनका ज्ञापन स्वीकार किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि नागरिकों की मांग को जिलाधिकारी तक पहुंचाया जाएगा और समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
एसडीएम के आश्वासन के बाद धरना शांतिपूर्वक समाप्त हो गया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

