बक्सर। जिले के चौसा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक शादी समारोह उस समय दहशत में बदल गया, जब जयमाल की रस्म के दौरान दुल्हन को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवती को पहले बक्सर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद विवाह स्थल पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर से बारात चौसा आई थी। जयमाल की रस्म चल रही थी और दूल्हा-दुल्हन मंच पर मौजूद थे। इसी दौरान मुंह ढंके एक युवक अचानक स्टेज पर चढ़ गया और दुल्हन आरती कुमारी (18 वर्ष), पिता नंद जी मल्लाह, पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दुल्हन मंच पर ही गिर पड़ी, जिससे समारोह में भगदड़ की स्थिति बन गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवती को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया।
घायल दुल्हन ने पुलिस को दिए बयान में पड़ोस के युवक दीनबंधु मल्लाह पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी एकतरफा प्रेम करता था और पहले भी शादी का विरोध कर चुका था।
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और मामले की गहन जांच जारी है।

