होली में रंग लगाने पहुंचा प्रेमी, परिजनों ने पकड़कर थाने पहुंचाया – मंदिर में कराई दोनों की शादी।

मोहानियां। होली के मौके पर प्रेमिका को रंग लगाने पहुंचा एक युवक आखिरकार शादी के बंधन में बंध गया। परिजनों ने दोनों को एक साथ देख लिया और पकड़कर पुलिस के पास ले गए।

काफी समझाने-बुझाने के बाद थाना परिसर स्थित मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई। इस घटना की इलाके में काफी चर्चा हो रही है।

मिली जानकारी के अनुसार रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के आटडीह गांव निवासी शेषनाथ राम के पुत्र रोशन कुमार की बहन की शादी कैमूर जिले के सुखपुरवा गांव में हुई है। बहन के घर आने-जाने के दौरान रोशन कुमार की पहचान उसी गांव की एक युवती से हो गई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और यह पहचान प्रेम संबंध में बदल गई।

बताया जाता है कि होली के दिन रोशन कुमार अपनी प्रेमिका से मिलने और उसे रंग लगाने सुखपुरवा गांव पहुंच गया। इसी दौरान युवती के परिजनों ने दोनों को साथ देख लिया। परिजनों ने युवक को पकड़ लिया और मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद दोनों को थाने लाया गया।

थाने में दोनों पक्षों के परिजनों के बीच काफी देर तक बातचीत और समझौते की कोशिश चली। अंततः दोनों की सहमति और परिजनों की मौजूदगी में थाना परिसर स्थित मंदिर में विधि-विधान के साथ उनकी शादी करा दी गई।

शादी के बाद दोनों पक्षों ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया और नवदंपति को आशीर्वाद दिया। होली के दिन हुई इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *