रामोबरिया में माँ काली पूजा संगीतमय महोत्सव 30 मार्च को, प्रसिद्ध गायकों का होगा भव्य कार्यक्रम।

बक्सर । जिले के रामोबरिया क्षेत्र में माँ काली पूजा के अवसर पर एक भव्य संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन 30 मार्च 2026 को किया जा रहा है। इस अवसर पर “माँ काली पूजा समिति, रामोबरिया” द्वारा भक्ति और संस्कृति से ओत-प्रोत दो गोला चईता गायन का विशेष आयोजन रखा गया है, जो क्षेत्र के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।

कार्यक्रम में बिहार के चर्चित गायक अरविंद सिंह ‘अभियंता’ (गोपालगंज) और युवा गायक अजीत हलचल (छपरा) अपनी मधुर आवाज से भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगे। दोनों कलाकार चईता और भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर माँ काली के दरबार में श्रद्धा का अद्भुत माहौल बनाएंगे।

आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7:30 बजे से होगा। इस संगीतमय आयोजन में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य और ग्रामीणों द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है।

समिति के सदस्यों ने बताया कि माँ काली पूजा के इस पावन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को एकजुट करने और पारंपरिक लोक संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

रामोबरिया के समस्त ग्रामवासी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं और भक्ति रस का आनंद लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *