बक्सर, 18 मार्च 2026:
जिले में बढ़ते तापमान के साथ आग लगने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने कमर कस ली है।

बुधवार को बक्सर जिला अंतर्गत मुख्यालय पटना से प्राप्त आदेश एवं जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव के निर्देशानुसार अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

इस क्रम में अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा जिले में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें लोगों को आग से बचाव एवं सतर्कता के उपायों की जानकारी दी गई।
रैली के दौरान कर्मियों ने खासकर मार्च से जून तक के अग्नि प्रवण काल में सावधानी बरतने की अपील की। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में खेतों में पराली जलाने, बिजली के शॉर्ट सर्किट, रसोई गैस के लापरवाह उपयोग तथा खुले में आग जलाने जैसी गतिविधियों से बचने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।

अग्निशमन पदाधिकारियों ने बताया कि छोटी-छोटी लापरवाहियां बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं, इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सतर्क रहे और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दे।
इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोगों को आग से बचाव के प्रति सजग करना तथा संभावित अग्निकांड की घटनाओं को समय रहते रोकना है।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगामी दिनों में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि जन-जन तक सुरक्षा का संदेश पहुंच सके।

