बक्सर। शनिवार को बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सफल प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए अपनी सफलता के पीछे की मेहनत, मार्गदर्शन और प्रेरणा को विस्तार से बताया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने मीडिया से बातचीत में सभी प्रतिभागियों एवं शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इन छात्रों ने अपनी उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे संभाग का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसी सफलताएं छात्रों की शैक्षिक क्षमता को नई दिशा देती हैं और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रेरित करती हैं।

ओलंपियाड परीक्षा में विद्यालय की छात्रा रोशनी सिंह ने प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। अपनी सफलता पर रोशनी सिंह ने कहा कि उन्हें शुरू से ही इस परीक्षा में रुचि थी, लेकिन इस रुचि को सही दिशा देने का कार्य सरोज सर ने किया। विद्यालय द्वारा सभी छात्रों को परीक्षा के प्रति जागरूक कर उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने है।
द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली रोशनी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय, माता-पिता और अपनी मेहनत को दिया। वहीं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले आयुष्मान ने अपनी उपलब्धि के पीछे समर्पण और शिक्षकों के मार्गदर्शन को मुख्य कारण बताया।
चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है, जबकि छात्र श्वेतांक पांडे ने सही दिशा और मजबूत इरादों को सफलता का मूल मंत्र बताया।इसके अलावा, जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र बृजेश ने इसे अपने जीवन का गर्वपूर्ण क्षण बताते हुए आगे भी निरंतर मेहनत करने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। शिक्षक, अभिभावक और छात्र सभी इस उपलब्धि से अत्यंत प्रसन्न नजर आए।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

