भाई के बदले परीक्षा देने पहुंचा युवक गिरफ्तार,कड़ी जांच में खुला फर्जीवाड़ा।

बिहार । बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक वार्षिक परीक्षा के दौरान एक युवक को अपने भाई की जगह परीक्षा देते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।

यह मामला विक्रमगंज के एक परीक्षा केंद्र का है, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रवेश के समय जांच में फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।


जानकारी के अनुसार, युवक अपने भाई के रोल नंबर पर परीक्षा देने केंद्र पहुंचा था। प्रवेश द्वार पर तैनात कर्मियों ने जब एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की गहन जांच की, तो संदेह होने पर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद सघन जांच में मामला स्पष्ट हो गया और मौके पर मौजूद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।


केंद्राधीक्षक की सूचना पर संबंधित थाने की पुलिस ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन शामिल है।


जिले में मैट्रिक परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस बल और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। परीक्षार्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। फर्जी परीक्षार्थियों और कदाचार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *