शादी से लौटे परिवार पर टूटा कहर: दूल्हे के भाई समेत पांच की संदिग्ध मौत, गांव में पसरा मातम।

विक्रमगंज/अकोढ़ीगोला। शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब बारात से लौटने के महज 24 घंटे के भीतर दूल्हे के भाई सहित पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र से तिलक समारोह में शामिल होने विक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र के एक गांव में लोग आए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी अपने-अपने घर लौट गए। इसी बीच अचानक कुछ लोगों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। देखते ही देखते दूल्हे के भाई समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में खाना बनाने वाले दो लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मौत का कारण जहरीला भोजन या अन्य संदिग्ध कारण हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। भोजन के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए सूचित किया गया है।

घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। एक ही परिवार और जुड़े लोगों की लगातार मौत से इलाके में दहशत और गम का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *