बक्सर। शुक्रवार दोपहर व्यवहार न्यायालय बक्सर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई।

न्यायालय के आधिकारिक ईमेल आईडी पर आए संदेश में दोपहर के समय जजों और वकीलों को निशाना बनाने की बात लिखी थी।

सूचना मिलते ही न्यायालय प्रशासन ने तत्काल सभी न्यायिक कार्य स्थगित कर दिए और एहतियातन पूरे परिसर को खाली कराने का निर्णय लिया। माइक से घोषणा होते ही अधिवक्ता, न्यायिक कर्मचारी, मुवक्किल और अन्य लोग तेजी से बाहर निकलने लगे।

कुछ ही मिनटों में कोर्ट परिसर खाली हो गया और बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस के साथ डीएसपी गौरव पाण्डेय मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई।
एहतियातन बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर पूरे परिसर की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
न्यायालय के कक्षों, रिकॉर्ड रूम, गलियारों, सीढ़ियों और आसपास के खुले स्थानों की बारीकी से जांच की गई।
हर संदिग्ध वस्तु की जांच करते हुए मानक सुरक्षा प्रक्रिया का पालन किया गया। देर शाम तक चले तलाशी अभियान के बाद स्थिति सामान्य करने की दिशा में कदम उठाए गए। इधर, धमकी भरे ईमेल की जांच के लिए साइबर पुलिस को सक्रिय कर दिया गया है।
तकनीकी विश्लेषण के जरिए ईमेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और लोकेशन का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह शरारती तत्वों की हरकत भी हो सकती है, लेकिन मामले की हर एंगल से गंभीरता से जांच की जा रही है।फिलहाल कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है और शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
घटना के बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है, हालांकि अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

