बक्सर: जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र में शराब माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 मार्च 2026 को जवही दियर पुलिस पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ शराब माफियाओं द्वारा मारपीट की घटना सामने आई थी। इस मामले में बक्सर पुलिस ने ब्रह्मपुर थाना में कांड संख्या 57/26 दर्ज कर विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए बक्सर पुलिस के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपुर पश्चिम टोला से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के निवासी रवि कुमार और पप्पू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। अवैध हथियार बरामद होने के बाद इस मामले में ब्रह्मपुर थाना कांड संख्या 60/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। वहीं पुलिस अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी और इससे जुड़े अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

