50 हजार का इनामी यादव गिरफ्तार, चक्की थाना पुलिस की सटीक कार्रवाई से फरार अपराधी दबोचा गया।

बक्सर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चक्की थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।

लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी ब्रह्मेश्वर यादव को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी गिरफ्तारी थाना क्षेत्र के लक्ष्मण डेरा गांव से की गई।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ चक्की थाना में आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त वह बेतामिला कांड में भी वांछित था। लगातार छापेमारी के बावजूद वह पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ब्रह्मेश्वर यादव अपने गांव में छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से लक्ष्मण डेरा गांव में छापेमारी की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी है। फरार और इनामी अपराधियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप है, वहीं आम नागरिकों ने पुलिस की सक्रियता और सफलता की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *