बक्सर। नगर परिषद क्षेत्र के सारीमपुर वार्ड संख्या–36 में सार्वजनिक मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को लेकर अनुमंडल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सदर एसडीएम अविनाश कुमार के निर्देश पर 14 फरवरी को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दण्डाधिकारी सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा जारी पत्रांक–300 के अनुसार, वार्ड–36 स्थित सारीमपुर में नौशाद खां द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर सीढ़ी का निर्माण तथा मो. सदीक (पिता–रऊफ मियां) द्वारा बाउंड्री दीवार बनाकर अतिक्रमण किए जाने की सूचना प्रशासन को प्राप्त हुई थी।
इसके बाद नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाने हेतु दण्डाधिकारी एवं सशस्त्र पुलिस बल की मांग की थी।
अनुमंडल पदाधिकारी के आदेशानुसार राजमनी गुप्ता, नगर प्रबंधक को दण्डाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। उन्हें औद्योगिक क्षेत्र थाना के थानाध्यक्ष से समन्वय स्थापित कर निर्धारित तिथि पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र/बक्सर नगर थाना अध्यक्ष को स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर उपस्थित रहने को कहा गया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को पर्याप्त संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत 10 पुरुष एवं 10 महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध किया गया है।
आदेश की प्रतिलिपि अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा जिला पदाधिकारी को भी प्रेषित कर दी गई है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह विधि-व्यवस्था के दायरे में की जाएगी और किसी भी प्रकार की बाधा या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

