बक्सर। जिले के बक्सर सेंट्रल जेल परिसर में स्थित प्राचीन वामनेश्वर मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मंदिर से वामन भगवान का चांदी का मुकुट, मंदिर के कई घंटे, इनवर्टर, बैट्री समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली गई।

घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब मंदिर के पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर का ताला टूटा हुआ देख उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस एवं जेल प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
बताया जाता है कि मंदिर जेल परिसर के अंदर स्थित है, ऐसे में इतनी बड़ी चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जेल परिसर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या हाल होगा।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

