बेटी से छेड़खानी का विरोध करना पड़ा भारी, पिता की पीट-पीटकर हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार।

बक्सर । शहर के मेन रोड स्थित आर्य समाज मंदिर के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक घटना में बेटी से कथित छेड़खानी का विरोध करने पर पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान संतोष वर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, संतोष वर्मा ने अपनी बेटी के साथ हो रही कथित छेड़खानी का विरोध किया था। इसी बात को लेकर आरोपियों से उनका विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि मंगलवार की रात आरोपित अपने साथियों के साथ उनके घर के पास पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि हमलावरों ने संतोष वर्मा को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके एक भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर दी गई है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इस घटना से इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *