बक्सर । जिले के चक्की थाना क्षेत्र अंतर्गत चुनी डेरा गाँव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 18 वर्षीय युवती का शव बोरी में बंद अवस्था में बरामद किया गया।

मृतका की पहचान सुनीता कुमारी के रूप में हुई है। वह बरमेश्वर यादव की पुत्री थी, जो आसनसोल (पश्चिम बंगाल) में रहकर दूध व्यवसाय से जुड़े हैं।

परिजनों के अनुसार, बीते सोमवार की शाम से ही सुनीता घर से लापता थी। परिवार का आरोप है कि युवती का अपहरण किया गया था। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। घटना के चार दिन बाद शनिवार को गाँव के प्राथमिक विद्यालय के पीछे झाड़ियों और खर-पतवार के बीच बोरी में बंद शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि शव से दुर्गंध आने पर विद्यालय के शिक्षकों की नजर उस बोरी पर पड़ी। संदेह होने पर जब बोरी की जांच की गई तो अंदर युवती का शव पाया गया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डुमराँव के डीएसपी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुँचा। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को जलाने का प्रयास भी किया गया हो। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका की शादी भी तय हो चुकी थी। वह तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। घटना के बाद पूरे गाँव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।

