बक्सर। चौसा स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र में आयोजित एक विवाह समारोह उस समय दहशत में बदल गया, जब जयमाला की रस्म के दौरान दुल्हन को गोली मार दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था। सदर एसडीपीओ गौरव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय आसूचना के आधार पर फरार अभियुक्त को बुधवार को समाहरणालय के समीप से धर दबोचा।

गिरफ्तार युवक की पहचान चौसा निवासी रामाशंकर चौधरी के पुत्र दीनबंधु चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक देशी पिस्तौल और एक खाली खोखा बरामद किया है। इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या-64/26 दर्ज कर अग्रिम कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी शुभम आर्य ने बताया कि शुरुआती जांच में प्रेम-प्रसंग को लेकर घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मुफस्सिल थाना कांड संख्या-384/20, धारा 30 (ए) बिहार उत्पाद अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज है।

घटना 24 फरवरी की रात करीब 10 बजे की है। विवाह समारोह में जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था, तभी आरोपी अचानक मंच पर पहुंचा और दुल्हन पर गोली चला दी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कार्यक्रम स्थल पर चीख-पुकार गूंज उठी।
घायल दुल्हन को परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। तत्परता दिखाते हुए आरोपी की पहचान की गई और विशेष टीम बनाकर उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन छानबीन जारी है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

