बक्सर, सरेंजा के पास पानी भरे चाट में 65 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी।

राजपुर (बक्सर): जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा–कोचस मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सरेंजा गांव के समीप सड़क किनारे पानी भरे चाट से एक 65 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया।

मृतका की पहचान रोहतास जिला के कोचस निवासी लाली कुंवर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की ओर टहलने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पानी से भरे चाट में पड़े एक शव पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मामले की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही राजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। जांच को वैज्ञानिक आधार देने के लिए एसएफएल (वैज्ञानिक अनुसंधान) टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से छानबीन की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

तलाशी के दौरान मृतका के पास से एक झोला बरामद हुआ, जिसमें आधार कार्ड और बैंक पासबुक मिले। दस्तावेजों के आधार पर महिला की पहचान कोचस निवासी रामचंद्र की पत्नी लाली कुंवर के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।

थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और पिछले कुछ दिनों से राजपुर क्षेत्र में देखी जा रही थी। वह यहां तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं और ग्रामीणों के बीच मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *