जलहरा बैंक के पास भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत।

शादी समारोह से लौट रहे युवक को ट्रक ने मारी टक्कर, चालक फरार; मोबाइल से हुई पहचान, परिजनों में कोहराम

जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर जलहरा बैंक के समीप शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला अंतर्गत मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी 30 वर्षीय राकेश खरवार (पिता – अशोक खरवार) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राकेश खरवार किसी शादी समारोह में शामिल होने के बाद कोचस की ओर से अपने घर लौट रहे थे। रात लगभग 11 बजे जैसे ही उनकी बाइक जलहरा बैंक के पास पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर अचेत हो गया।

घटना स्थल सुनसान होने के कारण तत्काल मदद नहीं मिल सकी। हादसे के बाद ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों के अनुसार, राकेश शादी समारोह में शामिल होने गए थे और वहां से घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

राजपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फरार ट्रक की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा नियमों के सख्ती से पालन की आवश्यकता को उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *