बक्सर, 23 फरवरी 2026:
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में ट्रक लूट की घटना का बक्सर पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 19 फरवरी 2026 को एनएच–922 पर छोटी ढकाई के पास स्कॉर्पियो सवार अज्ञात अपराधियों ने खड़ी सामान लदी ट्रक (WB29A8565) के चालक को बंधक बनाकर वाहन लूट लिया था।

घटना की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना कांड संख्या 28/26, दिनांक 20.02.2026 के तहत धारा 310(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, बक्सर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने पहले एक अभियुक्त विशाल सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही लूटा गया ट्रक और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो (BR44S0047) भी बरामद कर ली गई। एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विशाल सिंह (जिला बक्सर), गुप्तेश्वर पासवान एवं उत्तम मिश्रा (जिला भोजपुर) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में डीएसपी डुमरांव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम की अहम भूमिका रही। बक्सर पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाते हुए लूट की घटना का पर्दाफाश किया है।

