रंगों के संग कौशल का उत्सव: जन शिक्षण संस्थान बक्सर के मझरिया केंद्र में होली सम्मेलन संपन्न।

बक्सर। जन शिक्षण संस्थान बक्सर के मझरिया केंद्र में होली के पावन अवसर पर भव्य होली सम्मेलन का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया।

कार्यक्रम में रंगों की खुशियों के साथ-साथ कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण का संदेश भी प्रमुखता से उभरकर सामने आया।

सम्मेलन में संस्थान के प्रोग्राम ऑफिसर संजय कुमार सिंह, अनुदेशिकाएं पुष्पा देवी, चंदा देवी एवं प्रीति कुमारी, वार्ड पार्षद दिनेश कुमार सिंह, समाजसेवी कामेश्वर उपाध्याय, अजय श्रीवास्तव, उमेश चंद्र श्रीवास्तव, अंकित राज, मिथिलेश रंजन, सत्यम एवं चंदन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। इस अवसर पर जन शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी सराहना की गई। बताया गया कि मझरिया केंद्र से जुड़ी सैकड़ों ग्रामीण युवतियां आज सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटी कल्चर एवं अन्य स्वरोजगार पा कर कौशल में दक्ष होकर न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ कर रही हैं।

प्रोग्राम ऑफिसर संजय कुमार सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने प्रशिक्षुओं के उत्साह, अनुशासन और रचनात्मक प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां आज आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिससे वातावरण पूरी तरह उत्सवमय हो गया। अंत में उपस्थित अतिथियों ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

होली सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि जब रंगों के साथ कौशल और आत्मनिर्भरता का संगम होता है, तब समाज में वास्तविक परिवर्तन की बयार बहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *