बक्सर। जिले के केंद्रीय कारा में शुक्रवार की सुबह प्रशासनिक टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सघन छापेमारी अभियान चलाया। सुबह करीब पांच बजे शुरू हुआ यह अभियान आठ बजे तक लगातार जारी रहा।

अचानक हुई इस कार्रवाई से जेल प्रशासन और बंदियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी रही।
छापेमारी के दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। भारी संख्या में पुलिस बल के साथ केंद्रीय कारा के विभिन्न वार्डों, बैरकों और परिसर की बारीकी से तलाशी ली गई।

अधिकारियों ने बंदियों के सामान की जांच की तथा जेल की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। अभियान के दौरान हर वार्ड और बैरक की सघन जांच की गई, ताकि किसी भी तरह की अवैध सामग्री या गतिविधि का पता लगाया जा सके।
हालांकि खबर लिखे जाने तक छापेमारी में किसी बड़ी बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जेल के भीतर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा बंदियों की गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखने के उद्देश्य से समय-समय पर इस तरह के अभियान चलाए जाते हैं।

प्रशासन की अचानक हुई इस कार्रवाई से जेल परिसर में सुबह के समय अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की सक्रियता चर्चा का विषय बनी रही।

