बक्सर। जिले में सामाजिक सौहार्द और संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्वामित्र सेना द्वारा बुधवार को होली मिलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शहर के Eastran Grace Hotel में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकारों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

दोपहर 12 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में होली के पारंपरिक रंगों के साथ आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया गया। उपस्थित अतिथियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
समारोह के दौरान जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संगठन की ओर से कहा गया कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और निष्पक्ष पत्रकारिता समाज को दिशा देने का कार्य करती है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा कि होली का पर्व आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव का संदेश देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक संवाद, शांति और सहयोग की भावना बनाए रखना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।
पत्रकार समाज की आंख और आवाज होते हैं, जो जनभावनाओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते है।

समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने सामाजिक एकता और भाईचारे को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

