छत्तीसगढ़ से दबोचा गया 50 हजार का इनामी हत्यारोपी, तीन साल से था फरार।

बक्सर। वर्ष 2023 में हुए चर्चित हत्या कांड के फरार 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को बक्सर पुलिस ने छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आपसी जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में प्रदीप कुमार सिंह एवं उनके बड़े भाई रामबचन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान रामबचन यादव की मौत हो गई थी।

इस मामले में तिलक राय के हाता थाना कांड संख्या 187/23, दिनांक 07 जून 2023 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में रामअवतार यादव, रामजी यादव, धुरान यादव उर्फ जयप्रकाश यादव, ओमप्रकाश यादव समेत अन्य को नामजद किया गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इससे पूर्व कांड के दो अभियुक्त रामजी यादव एवं रामअवतार यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

इसी क्रम में 27 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी करते हुए फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त धुरान यादव उर्फ जयप्रकाश यादव (पिता- रामअवतार यादव, निवासी- तवकल राय के डेरा, थाना- तिलक राय के हाता, जिला- बक्सर) को छत्तीसगढ़ से विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जाता है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध कांड संख्या 187/23 में भारतीय दंड संहिता की धारा 341, 323, 307, 337, 338, 302 (परिवर्तित) एवं 34 के तहत मामला दर्ज है।

इस कार्रवाई में डीआईयू बक्सर प्रभारी सुधीर कुमार, अवर निरीक्षक मंगलेश कुमार मधुकर, अवर निरीक्षक चंदन कुमार तथा सहायक अवर निरीक्षक राजू कुमार (तिलक राय के हाता थाना) सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शेष फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *