अग्नि सुरक्षा सप्ताह : अस्पतालों व होटल में मॉक ड्रिल, शॉर्ट सर्किट से बचाव का दिया प्रशिक्षण।

बक्सर। जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत चौथे दिन व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी एवं अग्निशमन विभाग के अन्य कर्मियों ने विभिन्न अस्पतालों एवं संस्थानों में पहुंचकर बिजली से संबंधित उपकरणों की जांच की तथा अग्निकांड से बचाव के उपाय बताए।

14 से 20 अप्रैल 2026 तक मनाए जा रहे अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को विद्युत अभियंता की उपस्थिति में सदर अस्पताल बक्सर, मां मुंडेश्वरी हॉस्पिटल, विश्वामित्र अस्पताल, एकांश हॉस्पिटल, बीके ग्लोबल हॉस्पिटल, महाशिवरात्रि हॉस्पिटल, वैष्णवी हॉस्पिटल तथा होटल रॉयल प्लाजा बक्सर में निरीक्षण किया गया।

इस दौरान बिजली के शॉर्ट सर्किट से होने वाली आग की घटनाओं से बचाव के लिए विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अस्पतालों एवं होटल के कर्मचारियों को पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आग लगने की स्थिति में तत्काल डायल 101 एवं 112 पर सूचना देने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।

अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने कहा कि आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए बिजली के उपकरणों की नियमित जांच और सावधानी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सतर्कता से बड़े हादसों को टाला जा सकता है। विभाग द्वारा अग्नि सुरक्षा सप्ताह के दौरान लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *