बक्सर। जिले के सिकरौल थाना क्षेत्र के बसाव कला गांव में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल जा रहे दो मासूम बच्चों को तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, राजेंद्र कुमार सिंह के 7 वर्षीय पुत्र श्रेतिक कुमार उर्फ बुलबुल तथा मिथिलेश पाल के 8 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार पाल मध्य विद्यालय बसाव कला पढ़ने जा रहे थे।

इसी दौरान ठाकुरपुर-बसाव कला मार्ग पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में सिकरौल थाना अध्यक्ष ने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

