होली की रात बक्सर में युवक की गला दबाकर हत्या, गांव में सनसनी।

बक्सर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के हेठुआ गांव में होली की रात एक 20 वर्षीय युवक की गला दबाकर हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।मृतक

की पहचान मंटू मौर्य (20 वर्ष), पिता भागीरथी सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक अपने घर के दरवाजे पर सो रहा था, तभी कुछ युवकों ने घर में घुसकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार बुधवार शाम गांव में होली का उत्सवी माहौल था। इसी दौरान गांव के कुछ मनबढ़ युवकों का मंटू मौर्य से विवाद हो गया और उन्होंने उसके साथ मारपीट की। हालांकि ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद उस समय मामला शांत हो गया था। लेकिन देर रात आरोपित युवक फिर से उसके घर पहुंच गए।

बताया जाता है कि उस समय मंटू अपने घर के दरवाजे पर सो रहा था। आरोपियों ने सोए अवस्था में ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की आवाज सुनकर बगल के कमरे में सो रही उसकी मां प्रमिला देवी बाहर आईं और विरोध किया। इस पर आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और उन्हें बंधक बना लिया।

इसके बाद हमलावरों ने मंटू मौर्य को बेरहमी से पीटा और उसका गला दबा दिया, जिससे वह अचेत हो गया। चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग जुटने लगे तो सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन आनन-फानन में मंटू को लेकर गांव के एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचे। वहां से चिकित्सक ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बक्सर रेफर कर दिया। लेकिन बक्सर पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। मृतक की मां प्रमिला देवी ने पुलिस को दिए बयान में गांव के ही सुरेंद्र खरवार समेत कई अन्य लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व बसपा नेता सह कुशवाहा महासंघ के जिला अध्यक्ष अभिमन्यु कुशवाहा मौके पर पहुंचे और घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

ग्रामीणों के अनुसार करीब छह माह पहले मंटू मौर्य की बकरी चोरी हो गई थी। इस मामले में उसने राजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस जांच के बाद आरोपियों पर जुर्माना भी लगाया गया था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर कुछ युवक उससे नाराज थे और अक्सर उसे जान से मारने की धमकी देते थे।

अंततः होली के दिन यह विवाद खौफनाक वारदात में बदल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *