बक्सर। नगर थाना परिसर में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस की वर्दी और सर्विस रिवॉल्वर के साथ पहुंचे एक युवक को पूछताछ के दौरान फर्जी सिपाही के रूप में गिरफ्तार कर लिया गया।

मामला एक युवती से जुड़े प्रकरण में पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश से संबंधित है। पुलिस ने युवक और उसके चाचा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब दो बजे एक महिला विज्ञा कुमारी (30 वर्ष) नगर थाना पहुंची। उसके साथ पुलिस की वर्दी पहने एक युवक बॉडीगार्ड की तरह मौजूद था। युवक के पास सरकारी पिस्तौल भी थी। महिला अपने एक मामले को लेकर पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं और उससे पूछताछ शुरू की गई।
पूछताछ के दौरान स्थिति भांपकर महिला चुपचाप थाना परिसर से निकल गई, जबकि युवक वहीं बैठा रह गया। जब पुलिस ने उससे उसकी पोस्टिंग, पद और विभागीय नियमों के बारे में सवाल किए तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सख्ती से पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम परमजीत सिंह, पिता मनीष कुमार, निवासी गणपत गांव, थाना हिलसा, जिला नालंदा बताया।
उसने स्वीकार किया कि उसके चाचा अमित अभिषेक आरा जिले के एससी-एसटी थाना में पीटीसी पद पर तैनात हैं और वर्दी तथा सर्विस पिस्तौल उन्हीं की है। युवक ने यह भी बताया कि वह महिला के साथ नवानगर गया था, जहां विपक्षी पक्ष पर दबाव बनाने की कोशिश की गई। इसके बाद दोनों बक्सर नगर थाना पहुंचे थे।
पुलिस ने तत्काल सरकारी हथियार जब्त कर लिया। इस मामले में परमजीत सिंह और उसके चाचा अमित अभिषेक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वर्दी और सरकारी हथियार का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

