14 दिनों से लापता बालक मिला सकुशल, प्रयास से हुआ परिवार का पुनर्मिलन।

रक्तवीर रवि रंजन पांडेय व रामगढ़ पुलिस की तत्परता से 10 मिनट में मिला परिवार का पता।

बक्सर/भभुआ, 4 अप्रैल 2026:रामगढ़ थाना क्षेत्र के बिनपुरवा निवासी 11 वर्षीय बालक विमलेश कुमार, जो पिछले 14 दिनों से लापता था, आखिरकार सकुशल अपने माता-पिता से मिल गया। इस घटना से जहां परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं समाज में मानवीय प्रयास और सहयोग की मिसाल भी पेश हुई।

जानकारी के अनुसार, Missing and Found Children Network के माध्यम से तीन दिन पूर्व सूचना मिली कि लापता बालक एक बाल गृह में रह रहा है। सूचना मिलते ही बक्सर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता रवि रंजन पांडेय (रक्तवीर) ने बिना देर किए फोन और सोशल मीडिया के जरिए बच्चे की तलाश शुरू कर दी। प्रारंभिक स्तर पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने प्रयास जारी रखा।

इसके बाद उन्होंने रामगढ़ थाना के SHO से संपर्क कर पूरी जानकारी साझा की। SHO ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत अपनी टीम को सक्रिय किया और महज 10–15 मिनट के भीतर ही बच्चे के परिवार का पता लगा लिया। गांव के सजग नागरिक सुनील कुमार बिंद के सहयोग से बालक के माता-पिता से संपर्क स्थापित कराया गया।

अंततः 4 अप्रैल 2026 को बालक विमलेश कुमार को सुरक्षित उसके माता-पिता की अभिरक्षा में सौंप दिया गया। इस सफल प्रयास में रामगढ़ थाना पुलिस, स्थानीय चौकीदार, Missing and Found Children Network के संस्थापक अफसर अहमद खान एवं अन्य सहयोगियों की अहम भूमिका रही।

इस पुनीत कार्य के लिए रवि रंजन पांडेय (रक्तवीर) को विशेष बधाई दी जा रही है। उनकी सेवा भावना और समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

“जहाँ उम्मीदें थक जाती हैं, वहाँ कोशिश रंग लाती है,एक छोटे से प्रयास से फिर मुस्कान लौट आती है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *