बक्सर में अनोखी प्रेम कहानी: दो बच्चों की मां ने युवती से रचाई शादी, परिजनों की धमकी के बीच मांगी सुरक्षा।

विंध्याचल और अष्टभुजी मंदिर में हुई शादी, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला, प्रशासन से सुरक्षा की गुहार।

बिहार के बक्सर जिले से एक अनोखा और चर्चित मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। यहां दो बच्चों की मां ने एक अविवाहित युवती के साथ प्रेम संबंध के बाद उत्तर प्रदेश के विंध्याचल में जाकर शादी रचा ली। शादी के बाद दोनों ने अपनी जान को खतरा बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, बगेन गोला थाना क्षेत्र की निवासी संध्या देवी, जिनके पति अतवारु यादव बाहर एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, सोशल मीडिया पर वीडियो बनाती थीं। उनके वीडियो से प्रभावित होकर पड़ोसी गांव की युवती रूबी उनसे मिलने पहुंची। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बीते करीब 15 दिनों से दोनों साथ रह रही थीं। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया।

बताया जाता है कि 3 अप्रैल को दोनों घूमने के उद्देश्य से विंध्याचल पहुंचीं। वहां एक रात रुकने के बाद अगले दिन माता रानी के दर्शन किए और फिर अष्टभुजी मंदिर में पंडित और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में शादी कर ली। दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।

शादी की जानकारी मिलते ही रूबी के परिजनों ने इसका विरोध करते हुए दोनों को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों महिलाएं बक्सर लौट आईं और मीडिया के सामने आकर सुरक्षा की गुहार लगाई।

रूबी ने कहा कि वह अपनी मर्जी से इस रिश्ते में आई हैं और इस फैसले से खुश हैं। वहीं संध्या देवी ने भी साथ रहने की इच्छा जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।

बताया जा रहा है कि 4 अप्रैल से दोनों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल, इस संवेदनशील मामले में प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाएंगे, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *