बक्सर, 06 अप्रैल 2026: बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, जिला इकाई बक्सर की मासिक बैठक सोमवार को स्थानीय फोर सीजन मैरिज हॉल में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। जिले भर से पहुंचे सैकड़ों पूर्व सैनिकों की उपस्थिति ने संगठन की एकजुटता, अनुशासन और मजबूती का प्रभावशाली संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत नए सदस्यों के परिचय सत्र से हुई, जहां संघ में जुड़े नए साथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बैठक का संचालन सचिव मिथलेश यादव और जयराम सिंह ने संयुक्त रूप से कुशलतापूर्वक किया।
बैठक का मुख्य आकर्षण ईसीएचएस (ECHS) बक्सर में नवनियुक्त डॉक्टरों और कर्मचारियों का सम्मान समारोह रहा। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. पल्लवी, डॉ. मनीषा मेहता, डॉ. अर्पित कोमल, लैब तकनीशियन कुमारी अर्पिता और रिसेप्शनिस्ट सोनम कुमारी उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष राम नाथ सिंह ने कहा कि डॉ. मनीषा मेहता एक शहीद की पुत्री और सोनम कुमारी बैटल कैजुअल्टी जवान की पत्नी हैं—ऐसे फौजी परिवारों से जुड़ी बेटियों का संगठन में होना गर्व की बात है।
संगठन विस्तार के तहत नायब सूबेदार अजय सिंह को सर्वसम्मति से ब्रम्हपुर प्रखंड का अध्यक्ष चुना गया, जिसका सदस्यों ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष राम नाथ सिंह ने कहा कि पूर्व सैनिकों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और बक्सर में मिल रही सुविधाएं संगठन के निरंतर प्रयासों का परिणाम हैं। वहीं डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष हरिशंकर सिंह (सेना मेडल) और सदर अनुमंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सिंह ने भी सैनिकों की समस्याओं और समाधान पर अपने विचार रखे।
पेंशन डायरेक्टर राजबली यादव ने पेंशन, एरियर और अन्य सरकारी लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए उपस्थित पूर्व सैनिकों की शंकाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम के दौरान जलपान की व्यवस्था युवा ब्रिगेड अध्यक्ष संतोष सिंह द्वारा की गई। अंत में वीर शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।
बैठक में सूबेदार मेजर राजेंद्र प्रसाद, फूलबदन सिंह, अवध यादव, मोहन सिंह, जयप्रकाश प्रसाद, हरिकृष्ण पाल, हरे राम सिंह यादव, तारा बाबू सिंह, मोहन गुप्ता, विपिन बिहारी सिंह, रमेश सिंह (कोषाध्यक्ष), जनार्दन सिंह, सुभाष मिश्रा सहित आरा और नवानगर से भी बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

