बक्सर में 51 बटुकों का भव्य उपनयन संस्कार: सनातन परंपरा से जुड़ने का संदेश, विश्वामित्र सेना का सराहनीय प्रयास।

बक्सर: जिले के स्थानीय प्रखंड अंतर्गत सिकटौना ग्राम स्थित श्रीधराचार्य वेद कर्मी गुरुकुलम में गुरुवार, 9 अप्रैल को विश्वामित्र सेना के तत्वावधान में निशुल्क सामूहिक यज्ञोपवीत (जनेऊ) संस्कार का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।

इस अवसर पर 51 बटुकों का उपनयन संस्कार वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने किया, जबकि आयोजन में बड़ी संख्या में अभिभावकों एवं बच्चों की सहभागिता देखने को मिली। संस्कार का संचालन रंगनाथ द्विवेदी के मार्गदर्शन एवं आचार्य बनारसी दुबे के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।

वैदिक परंपराओं के अनुरूप संपन्न इस आयोजन में “जन्मना जायते शूद्रः, संस्कारात् द्विज उच्यते” के सिद्धांत को आत्मसात करते हुए नई पीढ़ी को सनातन संस्कारों से जोड़ने का संदेश दिया गया।

इस मौके पर राजकुमार चौबे ने कहा कि यज्ञोपवीत संस्कार केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, ज्ञान और संस्कारों की नींव रखने वाला महत्वपूर्ण संस्कार है।

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के संरक्षण और उत्थान के लिए ऐसे आयोजनों की आज विशेष आवश्यकता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव अशोक कुमार उपाध्याय, मोहित बाबा, गोवर्धन चौबे, अर्जुन तिवारी, ओम जी यादव, गुड्डू पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में डॉक्टर लोकनाथ द्विवेदी, पंकज पांडेय, बबन तिवारी, जय कुमार तिवारी और विद्यासागर दुबे का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *