बिहार सेंट्रल स्कूल का शत-प्रतिशत रिजल्ट, मेधावी छात्रों के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह।

बक्सर। गुरुवार को बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इस उपलब्धि पर सफल छात्र-छात्राओं के सम्मान में विद्यालय परिसर में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय का वातावरण उत्सवमय हो उठा। सफल विद्यार्थियों का स्वागत पुष्पवर्षा, मिठाई और उपहार देकर किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव श्री सरोज सिंह ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि उनके माता-पिता और गुरुजनों के समर्पण का भी प्रतिफल है। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

अपने प्रेरणादायक संबोधन में श्री सिंह ने कहा कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में सफलता किसी भी छात्र के जीवन का पहला महत्वपूर्ण सोपान होती है, जो उनके भविष्य की दिशा निर्धारित करती है। उन्होंने कहा कि वास्तविक सफलता वही है, जो समाज और परिवार के उत्थान के लिए समर्पित हो। ऐसी सफलता ही स्वर्णिम बनती है और समाज को नई दिशा देती है।

उन्होंने सफल विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जूनियर छात्रों का मार्गदर्शन करें और उन्हें सही दिशा दिखाएं। समारोह में सफल विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सतत अध्ययन, मनन और चिंतन ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। विद्यार्थियों ने कहा कि यदि लक्ष्य अर्जुन जैसा, प्रयास एकलव्य जैसा और चिंतन नचिकेता जैसा हो, तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है।

इस अवसर पर विद्यालय के कई मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनमें रक्षा कुमारी, विकास, आयुष्मान, सत्यामूजा, आस्था, राज सिंह, हरिओम, रोशनी और समिति सहित अन्य विद्यार्थी शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *