अर्जुनपुर,बक्सर। सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित होते ही हेरिटेज स्कूल, अर्जुनपुर में खुशी की लहर दौड़ गई।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने इस वर्ष भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया इतिहास रच दिया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा तथा सभी छात्र सफल घोषित हुए।

विद्यालय के प्रेसिडेंट प्रेम कुमार पाठक ने सभी सफल विद्यार्थियों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल अंकों की नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास की सच्ची पहचान है। उन्होंने कहा कि जीवन की यह परीक्षा केवल एक पड़ाव है और आगे विद्यार्थियों को और भी बड़े लक्ष्य हासिल करने हैं।

इस वर्ष विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं ने शानदार अंक प्राप्त किए। विद्यालय के टॉपर्स में अंबरीश आनंद पाठक तथा आशीष राज ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं स्वस्तिका राय ने 93.2 प्रतिशत, कस्तूरी मिश्रा ने 91.4 प्रतिशत तथा नमन पाण्डेय ने 91.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी ने कहा कि विद्यार्थियों ने जिस लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ तैयारी की, उसी का परिणाम आज सामने आया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
विद्यालय के निदेशक डॉ. प्रदीप पाठक ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का सजीव प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता तथा यह सफलता विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।

विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

