CBSE 10वीं परिणाम में रेडियंट पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन, विद्यार्थियों ने लहराया सफलता का परचम।

रेडियंट पब्लिक स्कूल, बक्सर के छात्र-छात्राओं ने CBSE 10वीं परीक्षा सत्र 2025-26 के परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सफलता हासिल करते हुए यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल छा गया। सफल छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों तथा शिक्षकों के चेहरे गर्व और उत्साह से खिल उठे। विद्यालय में विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का जश्न मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य जय प्रकाश सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जीवन में निरंतर परिश्रम और लगन के बल पर वे आगे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।

प्रधानाचार्य ने विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की भी सराहना की और कहा कि उनके सतत मार्गदर्शन एवं मेहनत ने विद्यार्थियों को सफलता के इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक बेहतर और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।

विद्यालय के टॉप-10 विद्यार्थियों में प्रथम स्थान विष्णुदेव ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर विशाल यादव तथा तृतीय स्थान पर सुप्रिया कुमारी रहीं। इसके अलावा हिमांशु कुमार, हैपी चौबे, राजहंसनी, शुभम गुप्ता, रौशन कुमार, आशुतोष कुमार तथा रोहित कुमार ने भी विद्यालय के शीर्ष 10 में स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी विद्यालय इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *