बक्सर। होमगार्ड जवान अजय सिंह पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और लाखों रुपये ठगने का गंभीर आरोप लगा है।

पीड़िता सुजाता क्षेत्री ने इस संबंध में बेलाघाटा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

मामला दर्ज होने के बाद वह न्याय की आस में बक्सर पहुंची और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और विभिन्न बहानों से बड़ी रकम भी ले ली। जब उसने विवाह की बात की तो आरोपी मुकर गया और संपर्क तोड़ लिया। इसके बाद उसने कोलकाता में कानूनी कार्रवाई शुरू की।

बक्सर पहुंचकर पीड़िता ने जिला होमगार्ड कमांडेंट बिनोद कुमार से मुलाकात कर आरोपी जवान के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई में विलंब होते देख उसने शाहाबाद रेंज के डीआईजी सत्यप्रकाश से मिलकर निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई।

डीआईजी ने आश्वस्त किया कि बेलाघाटा थाना से केस का विस्तृत विवरण ईमेल के माध्यम से मंगवाया जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होते ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामला अंतरराज्यीय होने के कारण कोलकाता और बिहार पुलिस के बीच समन्वय स्थापित कर जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच कितनी तेजी से पूरी होती है और पीड़िता को न्याय कब तक मिल पाता है।

