बक्सर। बक्सर–धनसोई मुख्य सड़क पर सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। बैरी गांव के समीप साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में कचरा लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में साइकिल सवार और ट्रैक्टर चालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र के कठजा गांव निवासी योगेंद्र कुमार का पुत्र धर्मेंद्र कुमार नगर परिषद में कचरा ढोने वाला ट्रैक्टर चला रहा था। सोमवार को वह ट्रैक्टर लेकर इटाढ़ी की ओर जा रहा था। इसी दौरान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव निवासी विमल शर्मा के पुत्र दयाशंकर शर्मा साइकिल से सड़क पार कर रहे थे। बैरी गांव के समीप अचानक साइकिल ट्रैक्टर के सामने आ गई। साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर साइकिल को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे चाट में पलट गया।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। अपनों को खोने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से थे, जिससे घरों में शोक के साथ-साथ भविष्य की चिंता भी गहरा गई है।

इटाढ़ी थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

