बक्सर सेंट्रल जेल में बंदी की संदिग्ध मौत से हड़कंप, परिजनों का मारपीट का आरोप; ज्योति चौक पर शव रखकर प्रदर्शन।

बक्सर। बक्सर सेंट्रल जेल में एक बंदी की संदिग्ध हालात में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान जेल नगर पइन रोड निवासी केदार सिंह के 32 वर्षीय पुत्र राजेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है। उन्हें 12 फरवरी को शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और 13 फरवरी को जेल भेजा गया था।

जेल प्रशासन के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पहले से जेल अस्पताल वार्ड में रखा गया था। हालत गंभीर होने पर उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को सदर अस्पताल बक्सर भेजा गया और परिजनों को सूचना दी गई।

हालांकि परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए मारपीट का आरोप लगाया है। मृतक के भाई राजू कुमार का कहना है कि दो दिन पहले जब वे मुलाकात कर लौटे थे, तब राजेंद्र पूरी तरह स्वस्थ थे। उन्होंने आरोप लगाया कि शरीर पर चोट के निशान थे, जिससे मारपीट की आशंका है। बहन रीना कुमारी ने भी इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए और करीब दो घंटे तक हंगामा किया। हालात को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए शव को ज्योति चौक पर रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई और निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

फिलहाल मामला जांच के अधीन है। प्रशासन का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद जेल में बंदियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *