बक्सर। शहर के बाजार समिति रोड स्थित फायर स्टेशन परिसर में होली पर्व को देखते हुए होली मिलन सह अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने की। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान संभावित अग्निकांड की घटनाओं को रोकना तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में शहर एवं आसपास के गैस एजेंसी संचालक, पेट्रोल पंप प्रबंधक, मैरेज हॉल और रेस्टोरेंट संचालकों ने भाग लिया। इस अवसर पर सदर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी सत्यदेव सिंह, डुमरांव अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी शिखा कुमारी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अधिकारियों ने अपने संबोधन में स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्रतिष्ठान अपने यहां अग्निशामक यंत्रों की नियमित जांच कराएं और उन्हें कार्यशील अवस्था में रखें। हाइड्रेंट सिस्टम एवं जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, विद्युत वायरिंग की समय-समय पर तकनीकी जांच कराने तथा कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण देने पर विशेष बल दिया गया।

सेमिनार के दौरान आपातकालीन निकास मार्ग की व्यवस्था, मॉक ड्रिल की अनिवार्यता, अग्निशामक यंत्रों के सही प्रयोग तथा आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने आगाह किया कि त्योहारों के समय जरा सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सतर्कता और तैयारी दोनों आवश्यक हैं।

कार्यक्रम का समापन होली मिलन के सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ, जहां सभी ने आपसी सहयोग, समन्वय और सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन का संकल्प लिया।

