प्रतिभा, अनुशासन और संस्कार की झलक: रेड रोज पब्लिक स्कूल का 12वां वार्षिकोत्सव उल्लासपूर्वक संपन्न।

बक्सर। सदर प्रखंड के खैराटी स्थित रेड रोज पब्लिक स्कूल का 12वां वार्षिकोत्सव शनिवार को हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। रंग-बिरंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्रों ने नृत्य, समूहगान, लघु नाटक और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बच्चों के आत्मविश्वास, मंच संचालन कौशल और रचनात्मकता ने अभिभावकों व अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिव रामा चिल्ड्रेन हॉस्पिटल के निदेशक सह शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. डी.एन. सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ बक्सर क्रिकेट संघ की चेयरमैन सह योगगुरु वर्षा पांडेय, पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष मेजर रामनाथ सिंह तथा डॉ. वी.के. सिंह समेत कई गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अतिथियों ने विद्यालय के शैक्षणिक स्तर, अनुशासन और विद्यार्थियों की प्रतिभा की खुलकर प्रशंसा की।

अंतरराष्ट्रीय मंच उद्घोषक साबित रोहतास्वी ने अपने ओजपूर्ण संचालन से पूरे कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। विद्यालय के निदेशक अमित कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का पुष्पमाला, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मान किया।

विशेष रूप से विद्यालय परिसर में सुसज्जित हरियाली और पेड़-पौधों की संख्या को देखकर अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता की सराहना की।

समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी शैक्षणिक उत्कृष्टता और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम की सफलता में प्रिंसिपल कमलेश्वर पांडे, वाइस प्रिंसिपल विनोद यादव, संजय पांडे, रंजन शाह, नेहा सिंह, पायल, रौशनी, रानी, सुप्रिया, रश्मि, श्वेता, प्रीति, काजल सहित समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *