नामांकन विवाद में घिरा जनता दल (यूनाइटेड) का चुनाव, हंगामा–झड़प के बीच पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग।

बक्सर। नगर स्थित गोयल धर्मशाला में रविवार को जनता दल (यूनाइटेड) के जिला अध्यक्ष पद के संगठनात्मक चुनाव के दौरान जमकर हंगामा हुआ।

नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही निवर्तमान जिलाध्यक्ष अशोक यादव के समर्थकों और अन्य दावेदारों के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालात बेकाबू होते देख मौके पर मौजूद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार जिलाध्यक्ष पद के दावेदार रविराज, राघवेंद्र उज्जैन और राजकुमार शर्मा समेत अन्य संभावित उम्मीदवारों को चुनाव स्थल पर प्रवेश नहीं दिए जाने से विवाद गहरा गया। आरोप है कि कुछ दावेदारों को नामांकन दाखिल करने से रोका गया, जबकि कुछ को पुलिस द्वारा थाने में बैठा दिया गया। इससे कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया।

दावेदारों और उनके समर्थकों ने चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि निवर्तमान जिलाध्यक्ष के प्रभाव में प्रशासन ने अन्य प्रत्याशियों को प्रक्रिया से दूर रखा। हालांकि प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

बताया जाता है कि अशोक यादव कई वर्षों से जिला अध्यक्ष पद पर बने हुए हैं। चुनाव के दिन सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में अन्य दावेदारों को पर्चा दाखिल करने से रोके जाने का दृश्य सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है।

घटना के बाद गोयल धर्मशाला परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इस प्रकरण को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *